इस बार तो श्रीनगर ने भी महसूस की रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, दो दर्जन से ज्यादा राज्यों में आंधी-बारिश का अनुमान

asiakhabar.com | April 16, 2025 | 5:14 pm IST
View Details

नई दिल्ली। इस बार गर्मी ने शुरु में ही रिकार्ड तोड़ने का रिकार्ड बनाना शुरु कर दिया है। दरअसल मौसम विभाग ने बताया है कि मंगलवार 15 अप्रैल का दिन श्रीनगर के लिए गर्मी का रिकॉर्ड तोड़ने वाला दिन रहा है। यहां 80 सालों में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। इसी के साथ मौसम विभाग ने देश के 25 राज्यों में आधीं के साथ बारिश का अनुमान लगाया है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अनुमान के अनुसार बिहार, असम और ओडिशा में तेज बारिश की आशंका बनी हुई है। इस बीच झारखंड, ओडिशा और मेघालय में ओले भी गिर सकते हैं। मंगलवार 15 अप्रैल को श्रीनगर का बीते 80 सालों में सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा। नगर का तापमान सामान्य से 10.2 डिग्री अधिक 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वैसे आम तौर पर श्रीनगर में इस समय औसत तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहता आया है। यहां इससे पहले 20 अप्रैल, 1946 को सबसे ज्यादा तापमान 31.1 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना था, कि 15 अप्रैल को कश्मीर घाटी के अलग-अलग इलाकों में तापमान सामान्य से 8.1 से 11.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है।
इससे हटकर यदि बात राजस्थान के बाड़मेर की करें तो यह दूसरे दिन भी देश में सबसे गर्म शहर रहा। बाड़मेर जिले का तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यही नहीं मौसम विभाग अगले तीन से चार दिनों में तापमान और अधिक बढ़ने का अनुमान बता रहा है। दूसरी तरफ मौसम विभाग ने हिमाचल में तूफान के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। अनुमान है कि यहां के 4 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस प्रकार जानकारी अनुसार अगले 5 दिनों तक राज्य में मौसम खराब बने रहने का अनुमान है। आज बुधवार को हरियाणा में बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि बिहार राज्य के 22 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कुल मिलाकर शुरु हुई गर्मी ने सभी को चौंकाने वाले परिणाम दिए हैं और आगे इससे ज्यादा अचंभित करने वाले रिकार्ड देखने को मिल सकते हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *