
लखनऊ। कांग्रेस काराष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद राहुल गांधी पहली बार 15 जनवरी को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी आ रहे हैं। उनके स्वागत की जोरदार तैयारी है। खरमास की समाप्ति के बाद मकर संक्रांति से शुरू हो रहे राहुल गांधी के दौरे को कांग्रेस के मिशन-अमेठी से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूत्रों का कहना है कि नगरीय निकाय चुनाव में अमेठी में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद राहुल गांधी पर भाजपा के हमले तेज हुए। अमेठी की पराजय का प्रचार गुजरात चुनाव में भी किया गया। इतना ही नहीं राहुल गांधी द्वारा अपना संसदीय क्षेत्र बदलने जैसी चर्चा भी फैलायी गयी।
राहुल के अमेठी दौरे को भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब बताया जा रहा है। विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह का कहना है कि कांग्रेस में मजबूती आने लगी है। अमेठी अपने सांसद का स्वागत करने के लिए तैयार है। जगह-जगह स्वागत द्वार बनेंगे और नुक्कड सभाएं होंगी।