
मॉस्को। रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि यूक्रेन ने बीती रात रूस पर 337 ड्रोन से हमला किया, जिसे रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने नाकाम कर दिया। यह तीन साल में रूस पर हुआ सबसे बड़ा ड्रोन हमला माना जा रहा है। इस पर मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि रूसी सुरक्षा बलों ने 337 से ज्यादा यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।
कुर्स्क क्षेत्र में गिराए गए 126 ड्रोन
इस हमले के दौरान कम से कम 11 ड्रोन मॉस्को के आसपास के रामेंस्की और डोमोडेडोवो जिलों में गिराए गए। इस दौरान कई ड्रोन जो मॉस्को की ओर बढ़ रहे थे, उन्हें सुरक्षा बलों ने नष्ट कर दिया। जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा 126 ड्रोन कुर्स्क क्षेत्र में गिराए गए, जो यूक्रेन सीमा से सटा हुआ है। वहीं मॉस्को क्षेत्र में कुल 91 ड्रोन नष्ट किए गए। इस हमले में अन्य प्रभावित क्षेत्र बेलगोरोड, ब्रांस्क, वोरोनेझ, कलुगा, लिपेत्स्क, निज़नी नोवगोरोड, ओर्योल और रियाजान हैं।
कई इलाकों में हवाई उड़ानों पर लगाई गई रोक
मॉस्को के मेयर ने आगे बताया कि, डोमोडेडोवो, व्नुकोवो, शेरेमेत्येवो और झूकोवस्की हवाई अड्डों पर उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। डोमोडेडोवो रेलवे स्टेशन पर ट्रेन सेवा भी अस्थायी रूप से बाधित रही। इस ड्रोन हमले में एक शख्स की मौत और तीन लोगों के घायल होने सूचना है, एक इमारत की छत को मामूली नुकसान पहुंचा। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब सऊदी अरब में यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल और अमेरिकी राजनयिकों की बातचीत चल रही है। मॉस्को पर हुआ यह हाल के महीनों का सबसे बड़ा हमला बताया जा रहा है।