
पेशावर। पाकिस्तान के पेशावर इलाके में एक आत्मघाती हमले में एक शीर्ष पाकिस्तानी पुलिस अधिकारी की मौत हो गई।
बताया जाता है कि शुक्रवार को पेशावर के हैयताबाद इलाके में एक मोटरबाइक पर सवार हमलावर एक पुलिस वाहन के आस-पास मंडरा रहा था। पुलिस वाहन में एआईजी अशरफ नूर और अन्य अधिकारी सवार थे। तभी हमलावरों ने पुलिस वाहन के पास धमाका कर दिया, जिसके बाद पुलिस वाहन आग की लपटों में तब्दील हो गयी।
सिटी पुलिस अधिकारी ताहिर खान ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि धमाका जरघूमी मस्जिद के पास हुआ जब पुलिस अधिकारी उसी रास्ते से अपने ड्यूटी पर जा रहे थे।
खान ने एआईजी अशरफ नूर के मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि इसके अलावा छह अन्य पुलिस अधिकारी इस हमले में घायल हुए हैं जिन्हें हैयताबाद मेडिकल कांप्लेक्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील करके जांच प्रक्रिया शुरु कर दी है।
बता दें कि इसके पहले अक्टूबर में अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के डिप्टी गवर्नर मोहम्मद नबी अहमदी को पेशावर के दबगारी क्षेत्र में अज्ञात बंदूकधारियों ने अपहरण कर लिया था।