
टोक्यो। उत्तर कोरिया से खतरे को देखते हुए जापान अपनी सुरक्षा मजबूत करना चाहता है। इसके लिए उसकी अगले साल का रक्षा बजट बढ़ाकर रिकॉर्ड 46 अरब डॉलर (करीब 294,400 करोड़ रुपये) करने की योजना है।
अखबार निक्केई के मुताबिक, जापान सरकार अप्रैल 2018 से शुरू होने वाले वित्त वर्ष के बजट प्रस्ताव में 5.19 ट्रिलियन येन रक्षा खर्च के लिए आवंटित करना चाहती है। जापान के रक्षा बजट में लगातार छठे साल यह बढ़ोतरी होगी।
मौजूदा वित्त वर्ष में रक्षा बजट 5.12 ट्रिलियन येन है। बढ़े रक्षा बजट का ज्यादातर हिस्सा उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार और मिसाइल कार्यक्रम से जापान की रक्षा पर खर्च किया जाएगा। इसमें अमेरिकी सेना की मिसाइल रोधक प्रणाली लगाने का खर्च भी शामिल है।
पिछले सप्ताह जापान के रक्षा मंत्री इत्सुनोरी ओनोडेरा ने कहा था कि अमेरिकी कंपनी से करीब 900 किमी तक मार करने वाली लंबी दूरी की मिसाइलें खरीदने की योजना है। जापान का यह कदम उसके शांतिवादी संविधान के खिलाफ है जिसमें अंतरराष्ट्रीय विवादों के निपटारे के लिए बल प्रयोग की मनाही है।