
एजेंसी
मुंबई। जबरन पॉर्न फिल्में बनाने और प्रसारित करने की आरोपी ऐक्ट्रेस गहना वशिष्ठ को
कोर्ट ने एक बार फिर झटका दिया है। गहना ने केस में अग्रिम जमानत के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट में अर्जी दी थी
जिसे खारिज कर दिया गया है। अब गहना वशिष्ठ के वकील मामले को सुप्रीम कोर्ट में ले जाने की तैयारी कर रहे
हैं। इससे पहले गहना की जमानत याचिका को मुंबई की सेशन भी खारिज कर दिया था।
बता दें कि इस केस में मुंबई पुलिस ने फरवरी के महीने में एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद गहना वशिष्ठ को
पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में खराब स्वास्थ्य के आधार पर गहना को जमानत पर छोड़ दिया
गया था। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जब इस केस की जांच को आगे बढ़ाया तो उसमें ऐक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के
पति राज कुंद्रा की संलिप्तता का पता चला। इसके बाद जांच में राज कुंद्रा और गहना वशिष्ठ के खिलाफ कुछ और
धाराएं जोड़ी गई हैं जिनमें जमानत मिलना काफी मुश्किल नजर आ रहा है।
गहना वशिष्ठ पर आरोप है कि उन्होंने अपनी अश्लील फिल्मों में जबरन लड़कियों से काम कराया और उनके न्यूड
सीन शूट किए। गहना पर उनकी फिल्मों में काम करने वाली कुछ लड़कियों ने रेप करवाने के भी आरोप लगाए हैं।
उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि गहना ही उन फिल्मों की डायरेक्टर थीं और बोल्ड सीन के नाम पर उन्होंने
न्यूड सीन फिल्माए।
दूसरी तरफ गहना के वकील ने तर्क देते हुए कहा, 'वेब सीरीज जिस कमरे में शूट की जा रही थी उसमें 10 से 20
लोग मौजूद थे। शिकायतकर्ता ने खुद सीरीज का प्रमोशन किया था। पुलिस जबरन गहना पर कुछ बड़े लोगों के
नाम लेने का दबाव बना रही है।' पुलिस का दावा है कि गहना वशिष्ठ भी राज कुंद्रा के साथ मिलकर पॉर्न फिल्में
बना रही थीं। गहना वशिष्ठ ऑल्ट बालाजी की वेब सीरीज 'गंदी बात' से मशहूर हुई थीं।