एमएसपी से भी कम भाव पर किसान फसल बेचने के लिए मजबूर: नरेश सेलवाल

asiakhabar.com | October 17, 2024 | 12:02 pm IST

हरियाणा/हिसार (गरिमा) : कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल सोमवार को उकलाना की नई अनाज मंडी में धान खरीद के निरीक्षण के लिए पहुंचे और आढ़तियों व किसानों से मुलाकात की। आढ़तियों व किसानों ने विधायक नरेश सेलवाल को बताया की उकलाना की नई अनाज मंडी में धान खरीद कार्य बहुत ही धीमी गति से चल रहा है। किसान पिछले 10 से 15 दिनों से अपनी धान की फसल बिक्री के लिए लाए हुए हैं। लेकिन बिक नहीं पा रही है। विधायक नरेश सेलवाल अधिकारियों के साथ धान ढेरियों पर पहुंचे और धान की फसल का निरीक्षण किया। किसानों का कहना था कि उनकी धान की फसल सभी तरह के सरकारी नॉर्म पूरे कर रही है लेकिन उसके बाद भी खरीद नहीं की जा रही है। किसानों ने कहा कि सरकार द्वारा जानबूझकर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि सरकार धान की फसल को 2320 रुपए प्रति क्विंटल के रेट पर एमएसपी पर खरीदे जाने की बड़ी-बड़ी घोषणा कर रही है और खुद मुख्यमंत्री बयान दे रहे हैं कि किसानों की धान के दाने-दाने को एमएसपी पर खरीदा जाएगा। लेकिन धरातल पर ऐसा कुछ भी नहीं है। अनाज मंडी में व्यवस्थाओं का पूरी तरह से जनाजा निकल चुका है। किसानों की फसल को एमएसपी पर खरीदने की बजाय ओने पौने दामों में खरीदा जा रहा है। 2320 प्रति क्विंटल की बजाय किसानों की धान को ₹1900 से लेकर ₹2100 प्रति क्विंटल तक लूटमार करके लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनाज मंडी में किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। मुख्यमंत्री केवल बयानबाजी में करने लगे हुए हैं।
विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि किसान हितों की बात करने वाली भाजपा अब किसानों को लुटते हुए मूकदर्शक बनकर देख रही है। उन्होंने कहा कि किसान और आढ़ती आज अनाज मंडियों में फसल बिक्री न होने के कारण रोने को मजबूर हो रहे हैं। विधायक नरेश सेलवाल ने उकलाना अनाज मंडी में एमएसपी से कम रेट पर धान खरीदे जाने और धीमी गति से खरीद होने के मामले को लेकर उपायुक्त हिसार, डीएफएससी हिसार से बात की और कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती को सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि उकलाना की अनाज मंडी में फतेहाबाद जिले के मिलर्स को धान खरीद की अनुमति जल्द से जल्द दी जाए ताकि खरीद कार्य में कुछ सुधार सके।
अधिकारियों से बातचीत करने के बाद नरेश सेलवाल ने कहा कि अगले एक-दो दिनों में फतेहाबाद के मिलर्स को उकलाना अनाज मंडी में धान खरीद करने की अनुमति दिला दी जाएगी।
उसके बाद नरेश सेलवाल मार्केट कमेटी कार्यालय पर किसानों द्वारा दिए जाए जा रहे धरने पर पहुंचे और धरने को अपना समर्थन दिया।
नरेश सेलवाल ने कहा कि अगर सरकार खरीद कार्य में तेजी लाते हुए एमएसपी रेट पर धान की खरीद नहीं करती तो वह खुद भी किसानों के साथ धरने पर बैठेंगे।
उसके बाद नरेश सेलवाल बरवाला की अनाज मंडी में पहुंचे और धान खरीद कार्यों का निरीक्षण किया। बरवाला में भी किसानों ने धान खरीद सही न होने और एमएसपी से कम दामों में धान खरीदे जाने की बात कही। जिस पर नरेश सेलवाल ने कहा कि सरकार जानबूझकर किसानों को लूटते हुए देख रही है। किसानों की खून पसीने की कमाई को मिलर्स व अधिकारी मिलकर लूट रहे हैं। जिसे किसी भी प्रकार से सहन नहीं किया जाएगा और किसानों के साथ मिलकर लड़ाई लड़ेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *